धारा लक्ष्य समाचार पत्र
एस.एम.एस. ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के संस्थापक स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह जी की प्रथम पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा एवं भावपूर्ण वातावरण में किया गया।

इस अवसर पर संस्थान के शैक्षणिक, गैर शैक्षणिक, उच्च अधिकारियों एवं छात्रों ने स्वर्गीय सतीश कुमार सिंह जी को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व को स्मरण किया। वक्ताओं ने कहा कि वे केवल एक कुशल प्रशासक ही नहीं थे, बल्कि एक दूरदर्शी चिंतक, वैज्ञानिक, दृष्टिकोण से युक्त तथा गहन आध्यात्मिक सोच के धनी व्यक्तित्व थे।
उन्होंने फूड एंड सिविल सप्लाई विभाग में ज्वाइंट कमिश्नर के पद से सेवा निवृत्त होकर अपने जीवन में उत्कृष्ट कार्य किए।
सन् 1995 में जब प्रदेश में मात्र कुछ ही संस्थान उच्च शिक्षा हेतु उपलब्ध थे तब स्व. सतीश कुमार सिंह के अथक प्रयास, प्रेरणा एवं छात्रों को उच्च शिक्षा सुगमता से उपलब्ध कराने के उद्देश्य हेतु

स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साईंसेज (एस.एम.एस.) वाराणसी परिसर की स्थापना की गयी, इसी क्रम में सन् 2008 में लखनऊ परिसर स्थापित हुआ। एस.एम.एस. वाराणसी परिसर में सन् 2002 में स्थापित सेन्टर फार स्प्रीचुलिज्म एण्ड ह्यूमन इनरिचमेंट के साथ लखनऊ परिसर में स्थापित सर सी.वी.रमन रिसर्च सेन्टर एवं वैदिक विज्ञान केंद्र उनकी दूरदर्शी सोच और ज्ञान- समर्पित दृष्टिकोण के जीवंत उदाहरण हैं, जो आज भी विद्यार्थियों एवं समाज को प्रेरित कर रहे हैं।
पुण्यतिथि के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वास्थ्य जागरूकता के उद्देश्य से संस्थान परिसर में हर्बल एवं औषधीय पौधों का रोपण किया गया। वृक्षारोपण के अवसर पर संस्थान के सचिव एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री शरद सिंह जी ने संस्थान के संस्थापक स्व. श्री सतीश कुमार सिंह जी को याद करते हुए कहा कि संस्थान संस्थापक महोदय की प्रेरणा के अनुरूप पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव कटिबद्ध रहेगा। इस अवसर पर संस्थान प्रांगण में एक विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभाग किया।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. भरत राज सिंह, महानिदेशक (तकनीकी), एसएमएस लखनऊ द्वारा लिखित एवं स्व. श्री सतीश कुमार सिंह जी को समर्पित पुस्तक ‘‘सुपर ब्रेनः योग और ध्यान’’ का विधिवत विमोचन किया गया। इस पुस्तक में योग एवं ध्यान के माध्यम से मानसिक सशक्तीकरण और जीवन में संतुलन स्थापित करने के महत्वपूर्ण पहलुओं को प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर आशियाना स्थित कुष्ठ रोगियों के आश्रम में रह रहे कुष्ठ रोगियों को भोजन के पैकेट का वितरण भी किया गया।
संस्थान के निदेशक डॉ. आशीष भटनागर, महानिदेशक (तकनीकी) प्रो. (डॉ.) भरत राज सिंह, निदेशक (प्रशासन) डॉ. जगदीश सिंह, एसोसियेट डायरेक्ट डॉ. धर्मेन्द्र सिंह, अधिष्ठाता डॉ. पी. के. सिंह, रजिस्ट्रार श्री शेष नारायण शुक्ला, मुख्य महाप्रबन्धक श्री सुरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव के साथ सभी संकायाध्यक्षों, शैक्षणिक एवं गैर शैक्षणिक कार्मिकों ने स्व. श्री सतीश कुमार सिंह जी को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि प्रदान की।
