डीपीएस काशी का शत-प्रतिशत परिणाम, वैष्णवी तिवारी ने 96.4% के साथ किया टॉप।

वाराणसी:सीबीएसई कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणामों में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) काशी ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है। विद्यालय ने इस वर्ष 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज करते हुए सभी 52 छात्रों को सफल बनाया।
परीक्षा में वैष्णवी तिवारी ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में शत-प्रतिशत (100/100) और हिंदी में 99 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि दर्ज की। तमन्ना 95.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा सत्या सिंह 94.6 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे।
विषयवार प्रदर्शन में भी छात्रों ने उत्कृष्टता दिखाई। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में वैष्णवी तिवारी और सत्या सिंह ने 100-100 अंक प्राप्त किए। वहीं रौनक राय ने विज्ञान में 98 और अलंक्रिता सिंह ने सामाजिक विज्ञान में 98 अंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विद्यालय का औसत परिणाम 80.8 प्रतिशत रहा, जबकि लगभग 75 प्रतिशत छात्रों ने डिस्टिंक्शन प्राप्त किया। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्य ने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी।
प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत और शिक्षकों के समर्पण का परिणाम है, जिन्होंने निरंतर मार्गदर्शन देकर उत्कृष्ट परिणाम सुनिश्चित किया। विद्यालय में इस उपलब्धि के बाद हर्ष का माहौल है और छात्रों की सफलता भविष्य के बैचों के लिए प्रेरणा बनेगी।

