वाराणसी में ICAI का “समकक्ष समीक्षा” (Peer Reviewer) प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न।

वाराणसी,दी इंस्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI), नई दिल्ली द्वारा आयोजित एवं वाराणसी शाखा के तत्वावधान में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम “समकक्ष समीक्षा” (Peer Reviewer) का आयोजन शनिवार को प्रातः 10:00 बजे होटल बालाजी पैलेस, महमूरगंज में किया गया।
कार्यक्रम का विषय “ट्रेनिंग प्रोग्राम फॉर पीयर रिव्यूअर” रहा। कार्यक्रम का शुभारम्भ शाखा अध्यक्ष सीए वैभव मेहरोत्रा के स्वागत भाषण से हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा के पूर्व अध्यक्ष सीए प्यारे कृष्ण अग्रवाल एवं वरिष्ठ सदस्य सीए आलोक शिवाजी ने की। संचालन सीए शिवांगी रूंगटा एवं सीए स्वाति अग्रवाल द्वारा किया गया।
प्रथम सत्र में मुख्य वक्ता सीए हिमांशु अग्रवाल ने “Peer Review” अर्थात “सहकर्मी समीक्षा” की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किन-किन फर्मों के लिए पीयर रिव्यू अनिवार्य है तथा इसके लिए आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक सूचनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
द्वितीय सत्र का शुभारम्भ सीए विकास द्विवेदी के स्वागत भाषण से हुआ। इस सत्र के वक्ता सीए रविंद्र कुमार गौर ने फर्म संचालन के विभिन्न नियमों—जैसे लीडरशिप, स्टाफ ट्रेनिंग, एथिक्स एवं क्लाइंट चयन—पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने ऑडिट से संबंधित प्रक्रियाओं जैसे ऑडिट प्लानिंग, सुपरविजन, पार्टनर रिव्यू एवं डॉक्यूमेंटेशन के महत्व को समझाया।
तृतीय सत्र में सीए नकुल अरोरा ने “एथिकल स्टैंडर्ड्स” एवं कंप्लायंस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नैतिक मानकों का पालन हर प्रोफेशन में आवश्यक है। ICAI द्वारा निर्धारित पाँच बुनियादी नैतिक सिद्धांत—इंटीग्रिटी (ईमानदारी), ऑब्जेक्टिविटी (निष्पक्षता), प्रोफेशनल कॉम्पिटेंस (पेशेवर योग्यता), कॉन्फिडेंशियलिटी (गोपनीयता) एवं प्रोफेशनल बिहेवियर (पेशेवर व्यवहार)—पर विस्तार से चर्चा की।
प्रथम सत्र के अंत में धन्यवाद ज्ञापन शाखा सचिव सीए रंजीत कुमार पांडेय द्वारा तथा द्वितीय सत्र के अंत में शाखा कोषाध्यक्ष नमन कपूर द्वारा किया गया।

