उत्तर प्रदेश ने जीता पहला गंगा-जमुना कैरम टेस्ट, दिल्ली को 2-1 से हराया।

वाराणसी, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के बीच पहली बार आयोजित गंगा-जमुना कैरम टेस्ट श्रृंखला के पहले मुकाबले में उत्तर प्रदेश की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली को 2-1 से हराकर जीत दर्ज की। यह मुकाबला 19 अप्रैल को ग्रेटर नोएडा स्थित जे०डी० क्लब में खेला गया।
इस अंतर-प्रांतीय एकदिवसीय कैरम टेस्ट श्रृंखला में कुल चार सिंगल और एक डबल मैच खेले गए। उत्तर प्रदेश की टीम ने लगातार दो सेट जीतकर मैच अपने नाम कर लिया और श्रृंखला में बढ़त बना ली।
उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री बैजनाथ सिंह ने जानकारी दी कि श्रृंखला का अगला मुकाबला मई माह में दिल्ली में आयोजित किया जाएगा।
यह प्रतियोगिता गौतम बुद्ध नगर जिला कैरम एसोसिएशन और उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन और समापन ऑल इंडिया कैरम फेडरेशन के एसोसिएट वाइस प्रेसिडेंट एवं जे०डी० क्लब के चेयरमैन डॉ. अशोक सिंह ने किया।
इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय कैरम महासंघ के सेक्रेटरी जनरल एवं दिल्ली प्रदेश कैरम एसोसिएशन के महासचिव श्री वी०डी० नारायण, गौतम बुद्ध नगर जिला कैरम संघ की अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय कैरम महासंघ की महासचिव श्रीमती भारतीय नारायण, उत्तर प्रदेश कैरम एसोसिएशन के सचिव एडवोकेट सिराजुद्दीन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सरदार रणवीर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मैचों का संचालन अंतरराष्ट्रीय अंपायर हेमन्ता सर की देखरेख में सम्पन्न हुआ। इस एकदिवसीय टेस्ट श्रृंखला का सजीव प्रसारण मशहूर सैंको कंपनी के सौजन्य से किया गया, जिसे बाद में यूट्यूब पर भी देखा जा सकता है।

