Sitapur UP: परीक्षा व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण, थाना समाधान दिवस में सुनी गईं जनसमस्याएं

निष्पक्ष परीक्षा पर प्रशासन की सख्ती, जनसुनवाई में त्वरित निस्तारण के निर्देश

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर में उ.प्र. पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा होमगार्ड पदों के लिए आयोजित लिखित परीक्षा के प्रथम दिन व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. व पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खैराबाद का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कैमरों, पेयजल व्यवस्था तथा सुरक्षा इंतजामों का बारीकी से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्र पर तैनात कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं मानक के अनुरूप रहें और अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पारदर्शिता एवं शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

इसी क्रम में थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने थाना खैराबाद में जनसुनवाई भी की। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का त्वरित, न्यायोचित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जनसुनवाई के दौरान प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए और अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाएं। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related posts