Panvhkula hariyana news: बुनियाद’ और ‘सुपर-100’ जैसे सफल शैक्षणिक मॉडलों को अब कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी किया जाएगा लागू

पंचकूला। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा है कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें रोजगार सृजन से जोड़ने के लिए शिक्षा व्यवस्था में नवाचार को प्राथमिकता दे रही है।

पंचकूला में आयोजित हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद की 5वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि ‘बुनियाद’ और ‘सुपर-100’ जैसे सफल शैक्षणिक मॉडलों को अब कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में भी लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य छात्रों को केवल डिग्री तक सीमित न रखकर उन्हें स्टार्टअप संस्कृति से जोड़ना और उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि इन मॉडलों के विस्तार से विद्यार्थियों में कौशल विकास, नवाचार और रोजगार सृजन की भावना को बढ़ावा मिलेगा, जिससे वे भविष्य में नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बन सकें।

बैठक के दौरान हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद ने वाधवानी फाउंडेशन के साथ एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का मुख्य उद्देश्य राज्य के युवाओं में उद्यमिता और कौशल विकास को प्रोत्साहित करना है। इसके तहत छात्रों को प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और स्टार्टअप से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा, नई शिक्षा नीति राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया। मंत्री ने कहा कि राज्यभर में जागरूकता अभियान चलाकर विश्वविद्यालयों के कुलपतियों, शिक्षकों और छात्रों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि नीति के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर सफलतापूर्वक लागू किया जा सके।

बैठक में उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई और राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए कई अहम निर्णय लिए गए।

Related posts