Chandigadh hariyana news: प्रदेश में पेयजल आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करें: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर सुचारु रूप से सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने एक समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि सभी जलघर, तालाब और जलाशयों को समय रहते भरकर रखा जाए, जिससे पानी की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जहां कहीं भी पेयजल की कमी की संभावना हो, वहां तुरंत प्रभाव से टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाए
बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि भाखड़ा बांध में इस बार जल स्तर सामान्य से 36 फुट अधिक है, जिससे प्रदेश में जल उपलब्धता की स्थिति मजबूत बनी हुई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल आपूर्ति सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि वे समन्वय के साथ कार्य करते हुए हर क्षेत्र में पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित करें।

उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर स्थिति की समीक्षा की जाए और जहां भी आवश्यकता हो, त्वरित कदम उठाए जाएं, ताकि प्रदेश के किसी भी हिस्से में पेयजल संकट उत्पन्न न हो।

Related posts