जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। राष्ट्रीय सवर्ण परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पं० पंकज धवरैय्या ने गैस सिलेंडर विस्फोट हादसे में घायल परिवारों से मुलाकात कर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए। देर रात रायबरेली पहुंचे धवरैय्या ने छतोह ब्लॉक के विशेषरपुर मजरे सिसनी भुआलपुर में जिला अध्यक्ष सुधीर तिवारी के आवास पर रात्रि विश्राम किया।
सुबह संगठन की बैठक के बाद उनका काफिला सीधे सलोन-जायस रोड स्थित प्रकाश पैरामेडिकल अस्पताल, मेहंदीगंज परसदेपुर पहुंचा, जहां डीह थाना क्षेत्र के बरगदी मजरे बरुआ गांव में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में घायल लोग भर्ती हैं। हादसे में दो महिलाओं की मौत भी हो चुकी है।अस्पताल में बिलखते परिजनों से मिलकर उन्होंने हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
धवरैय्या ने आरोप लगाया कि पीड़ितों की सहायता के लिए संपर्क करने पर न तो सलोन विधायक और न ही एसडीएम का फोन मिला, जबकि डीएम कार्यालय से भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने जनप्रतिनिधियों के रवैये को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
इसके बाद वह किठावां गांव पहुंचे और मां कमासिन धाम में दर्शन-पूजन किया। बाद में एम्स रायबरेली पहुंचकर अन्य घायलों का हालचाल जाना। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा और बेहतर इलाज नहीं मिला तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
