श्री चित्रगुप्त राधेकृष्ण मंदिर का स्थापना दिवस समारोह श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न।
वाराणसी। सारनाथ क्षेत्र के हीरामनपुर स्थित श्री चित्रगुप्त राधेकृष्ण मंदिर का स्थापना दिवस समारोह सोमवार को श्रद्धा, भक्ति और सेवा भाव के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। सुबह से देर रात तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः भगवान के विग्रह पूजन एवं भव्य श्रृंगार के साथ हुआ। मुख्य यजमान डॉ. राहुल सिन्हा एवं अभिषेक मारोलिया ने वैदिक विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया। मंदिर परिसर को फूलों एवं आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया था, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
मंदिर समिति द्वारा सामाजिक सरोकार निभाते हुए वृद्ध माता-पिताओं को ससम्मान भोजन कराया गया। इस सेवा कार्य के माध्यम से बुजुर्गों के सम्मान और सेवा का संदेश दिया गया।
शाम चार बजे से सुंदरकांड का सस्वर पाठ आयोजित हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भावपूर्ण सहभागिता की। इसके उपरांत शाम सात बजे महाआरती संपन्न हुई तथा भक्ति संगीत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। रंजन राय, आनंद जी एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा मंदिर परिसर जयकारों और भक्ति रस से गूंज उठा।
समारोह के दौरान समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विशिष्ट जनों का सम्मान एवं अभिनंदन भी किया गया। अंत में आयोजित विशाल भंडारे में हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के डॉ. राहुल सिन्हा, उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल, सचिव दीपक अग्रवाल, उप सचिव शशांक अग्रवाल, औघड़ानंद रमेश बाबा, टप्पू पांडे, विनोद शर्मा, हरिशंकर सिन्हा सहित मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक एवं बड़ी संख्या में भक्तगण उपस्थित रहे।
