जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज, रायबरेली। परिवहन आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बुधवार को एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार और उनकी टीम ने महाराजगंज कस्बे में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाकर नियमों की अनदेखी करने वाले वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान बिना परमिट संचालित बस, ओवरलोड डीसीएम, स्कूली वाहन और टेंपो समेत चार वाहनों पर कार्रवाई करते हुए करीब एक लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सुबह सात बजे से ग्यारह बजे तक चले इस अभियान में कस्बे के मुख्य चौराहे, ब्लॉक कार्यालय और बछरावां रोड पर वाहनों की गहन जांच की गई। एआरटीओ प्रवर्तन उमेश कटियार ने बताया कि मुख्य चौराहे से एक टेंपो को पकड़ा गया, जबकि बछरावां रोड पर एक निजी स्कूल की बस के आवश्यक कागजात अधूरे पाए गए। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालय के सामने बिना परमिट संचालित हो रही चौधरी बस सर्विस की बस पर भी कार्रवाई की गई।
इसी दौरान महाराजगंज से हैदरगढ़ की ओर जा रही सरिया लदी ओवरलोड डीसीएम को भी रोका गया। जांच में वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक भार लेकर संचालित पाया गया, जिस पर जुर्माना लगाया गया। एआरटीओ ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।
