Raybareli news: धरने के बाद जागे जिम्मेदार गांधी नगर में मानक विहीन सीसी रोड पर शुरू हुई लीपापोती, बेहतर निर्माण की जगी उम्मीद

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कस्बे के गांधी नगर मोहल्ले में मानक विहीन सीसी रोड निर्माण को लेकर मंगलवार को हुए धरना-प्रदर्शन का असर बुधवार को साफ दिखाई दिया। मोहल्लेवासियों और जागरूक नागरिकों के विरोध के बाद जिम्मेदार अधिकारी हरकत में आए और निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया। वहीं ठेकेदार के लोगों द्वारा जल्दबाजी में सड़क निर्माण कार्य में सुधार और लीपापोती का प्रयास किया जाता नजर आया।

बुधवार सुबह निर्माण स्थल पर दो ट्रॉली गिट्टी और दो ट्रॉली मौरंग गिराकर मजदूरों से कार्य शुरू कराया गया। आरोप है कि पहले मिट्टी के ऊपर मात्र दो इंच की पतली सड़क बनाई जा रही थी, जिसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी थी। विरोध बढ़ने के बाद ईओ और जेई ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तथा ठेकेदार के कर्मचारियों को निर्माण कार्य में मानकों का पालन करने के निर्देश दिए।

मोहल्ला निवासी शांति देवी ने बताया कि कई बार उच्चाधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई, जिसके चलते लोगों को धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने कहा कि अब अधिकारियों की सक्रियता के बाद मानक अनुरूप सड़क बनने की उम्मीद जगी है।वहीं रवि सक्सेना, देशू चौरसिया और शमशाद ने आरोप लगाया कि यदि मोहल्लेवासी सजग न होते तो ठेकेदार गुणवत्ताहीन सड़क बनाकर सरकारी धन का दुरुपयोग कर चला जाता।

गांधी नगर के सभासद प्रतिनिधि कमलेश कुशमेष ने बताया कि करीब 15 लाख 10 हजार रुपये की लागत से बनने वाली सड़क को ठेकेदार मात्र दो से तीन लाख रुपये में तैयार करने की कोशिश कर रहा था।फिलहाल मोहल्लेवासियों की एकजुटता और जागरूकता की चर्चा पूरे कस्बे में जोरों पर है। स्थानीय लोग अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

Related posts