Raybareli news: हल्की बारिश में डूबा लालगंज, सड़कों पर घुटनों तक पानी से जनजीवन बेहाल

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रायबरेली। लालगंज कस्बे में हुई हल्की बारिश ने नगर पंचायत की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। बारिश के कुछ ही देर बाद मुख्य बाजार, सड़कें और कई मोहल्ले जलमग्न हो गए। जगह-जगह घुटनों तक पानी भर जाने से राहगीरों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बाजार की सड़कें तालाब जैसी नजर आईं, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित रहा।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि जलभराव के कारण ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई, जिससे कारोबार पर सीधा असर पड़ा है। वहीं स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ी। लोगों ने नगर पंचायत की नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

मानसून शुरू होने से पहले ही लालगंज के बिगड़े हालात ने प्रशासनिक तैयारियों की हकीकत सामने ला दी है। स्थानीय नागरिकों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग करते हुए जल्द प्रभावी कदम उठाने की अपील की है।

Related posts