Raybareli News: जान से मारने की नीयत से घर में घुसकर परिवार पर जानलेवा हमला, महिलाओं समेत कई घायल

भाला और लाठी लेकर पहुंचे दबंगों पर एफआईआर की मांग।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज, रायबरेली। कोतवाली क्षेत्र के पूरे अचली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित रामसुफल पुत्र मिटनी ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात करीब 11 बजे गांव के ही रामकेवल, रमेश, रामअनन्त समेत अन्य अज्ञात लोग कुल्हाड़ी, भाला, तमंचा और लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुस आए।पीड़ित के अनुसार उस समय परिवार के लोग घर में खाना खा रहे थे।

आरोप है कि हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। रामकेवल ने जान से मारने की नीयत से भाला मार दिया, जिससे बचाव करने पर चोट पैर में लग गई। शोर सुनकर बचाने पहुंचे रामअचल और रामनेश को भी आरोपियों ने तमंचा दिखाकर पीटा। वहीं बीच-बचाव करने पहुंची महिलाओं नेहा और निर्मला को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ भी मारपीट की गई।हमले में कई लोगों को गंभीर चोटें आई हैं।

घटना के दौरान डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस घायलों को थाने लाई और प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज भेजा गया।

पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related posts