Raybareli news: महिला सशक्तिकरण की ओर बड़ा कदम, आंगनबाड़ी सहायिकाओं को मिले नियुक्ति पत्र

विधायक अदिति सिंह ने स्मार्टफोन और सम्मान राशि भी वितरित की

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। महिला सशक्तिकरण और बाल विकास सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में रायबरेली में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। रायबरेली क्लब में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अदिति सिंह ने नवनियुक्त आंगनबाड़ी सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर 22 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को कार्य संचालन में तकनीकी सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से स्मार्टफोन भी वितरित किए गए। वहीं 20 अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। जनपद में कुल 95 आंगनबाड़ी सहायकों की नियुक्ति की गई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पोषण, शिक्षा और बाल विकास सेवाओं को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अदिति सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी संसाधनों से लैस होकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां बेहतर तरीके से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकेंगी।

Related posts