लाखों श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी, भक्ति और श्रद्धा के रंग में सराबोर हुआ डलमऊ।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
डलमऊ/रायबरेली। धर्म, आस्था और अध्यात्म के पावन पर्व कार्तिक पूर्णिमा पर बुधवार को पौराणिक नगरी डलमऊ के गंगा घाटों पर श्रद्धा का महासैलाब उमड़ पड़ा। ब्रह्म मुहूर्त से ही हर-हर गंगे और मां गंगा के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। देखते ही देखते गंगा तट पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई।
श्रद्धालुओं ने पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गंगा घाटों पर मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना, दीपदान और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।
दूरदराज के जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु डलमऊ पहुंचे। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन-पूजन किया और मेले का आनंद उठाया। भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।
