टीनोपाल केमिकल मिलाकर बनाया जा रहा था नकली पनीर, खाद्य सुरक्षा टीम ने पकड़ी फैक्ट्री।

अघौरा में छापेमारी के दौरान हुआ खुलासा, गैर जनपदों में भी होती थी सप्लाई; बड़ी मात्रा में पनीर कराया गया नष्ट।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अघौरा गांव में कपड़ों में सफेदी लाने वाले केमिकल टीनोपाल का इस्तेमाल कर नकली पनीर बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी में इसका खुलासा हुआ है। टीम ने मौके से बड़ी मात्रा में नकली पनीर बरामद कर नष्ट कराया। यहां तैयार पनीर की सप्लाई रायबरेली के अलावा गैर जनपदों में भी की जाती थी।

जानकारी के अनुसार, अघौरा निवासी धीरेंद्र पुत्र मेड़ीलाल कथित रूप से इस फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। सोमवार रात सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा मानिकचंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की गई । जांच के दौरान पनीर निर्माण में कपड़ों को सफेद करने वाले टीनोपाल सहित अन्य केमिकल के इस्तेमाल की बात सामने आई।

यह केमिकल खाद्य पदार्थों में इस्तेमाल के लिए नहीं है। टीम ने मौके पर तैयार बड़ी मात्रा में पनीर को नष्ट कराया और आवश्यक नमूने भी एकत्र किए। सहायक आयुक्त मानिकचंद सिंह ने बताया कि अघौरा में नकली पनीर बनाने की फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली थी।

इसके बाद कार्रवाई की गई है। वहीं थाना अध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि लखनऊ से खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम आई थी और छापेमारी की गई है। टीम नमूने अपने साथ ले गई है। विभाग की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

Related posts