Varanasi UP…दरोगा पर घर में घुसकर लूटपाट कराने का आरोप, पीड़ित ने मांगी कार्रवाई।

दरोगा पर घर में घुसकर लूटपाट कराने का आरोप, पीड़ित ने मांगी कार्रवाई।

वाराणसी। लालपुर-पाण्डेयपुर थाना क्षेत्र के दौलतपुर पहड़िया निवासी विजय कुमार ने हल्का थाना के उपनिरीक्षक जे.पी. यादव पर गंभीर आरोप लगाते हुए उच्च अधिकारियों से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि पारिवारिक विवाद में पक्षपात करते हुए दरोगा ने उनकी पत्नी एवं अन्य महिलाओं के साथ मिलकर घर का ताला तुड़वाकर लाखों रुपये के आभूषण, नगदी और जरूरी दस्तावेज ले जाने में सहयोग किया।

पीड़ित विजय कुमार के अनुसार उनका पत्नी सबिता गौतम के साथ पारिवारिक विवाद एवं तलाक का मामला परिवार न्यायालय में विचाराधीन है। साथ ही पत्नी एवं अन्य लोगों के खिलाफ पहले से एक मुकदमा भी दर्ज है, जिसकी विवेचना चल रही है।

प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि उपनिरीक्षक जे.पी. यादव पिछले कई महीनों से उनकी पत्नी के संपर्क में हैं तथा पारिवारिक मामले में लगातार हस्तक्षेप कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में 8 मई 2026 को अपर पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायत भी दी थी, जिसमें सीसीटीवी कैमरा हटवाने, मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने और धमकी देने का आरोप लगाया गया था।

विजय कुमार का आरोप है कि 15 मई 2026 की शाम करीब 5:10 बजे उपनिरीक्षक जे.पी. यादव महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों तथा कुछ महिलाओं के साथ उनके घर पहुंचे और ताला तुड़वाकर घर में प्रवेश किया। इस दौरान मांगटीका, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, चेन, चांदी की पायल, अन्य आभूषण, जरूरी कागजात और करीब एक लाख रुपये नकद ले जाए गए। पीड़ित का दावा है कि घटना का वीडियो साक्ष्य उनके पास मौजूद है।

पीड़ित ने पुलिस अधिकारियों से मामले में मुकदमा दर्ज कर उपनिरीक्षक जे.पी. यादव एवं अन्य आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तथा विभागीय जांच कर निलंबन की मांग की है।

Related posts