Sitapur UP: डीएम डॉ. राजागणपति का सख्त निरीक्षण: निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी, लेखपाल परीक्षा केंद्रों का भी लिया जायजा

सड़क और खड़ंजा निर्माण में मिली खामियां, अधिकारियों को दोबारा कार्य कराने के निर्देश

लेखपाल मुख्य परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्थाएं परखी गईं

धारा लक्ष्य समाचार 

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर0 ने गुरुवार को विकास खंड कसण्डा की ग्राम पंचायत हरदीपुर एवं गोविन्दापुर में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में खामियां मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।

हरदीपुर में प्राथमिक विद्यालय संपर्क मार्ग तक कराए गए लेपन कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए जिलाधिकारी ने सड़क खुदवाकर निरीक्षण किया। सड़क किनारे पटरी न बनाए जाने पर उन्होंने जिला पंचायत के जूनियर इंजीनियर (जेई) पर नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि पटरी निर्माण का कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि भविष्य में जहां भी सड़क निर्माण कराया जाए, वहां सड़क किनारे पटरी बनाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गोविन्दापुर से जिन्द बाबा से जंगली दास बाबा की कुटी तक बनाए गए खड़ंजा मार्ग का निरीक्षण किया। जांच के दौरान ईंटों की गुणवत्ता संतोषजनक न मिलने पर उन्होंने खड़ंजा उखड़वाकर दोबारा कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क किनारे पटरी निर्माण कराने के भी आदेश दिए। जिलाधिकारी ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर0 ने उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित लेखपाल मुख्य परीक्षा के मद्देनजर राजा रघुबर दयाल इंटर कॉलेज एवं उजागर लाल इंटर कॉलेज, सीतापुर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों, शुद्ध पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

भीषण गर्मी को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभ्यर्थियों के लिए ठंडे पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही शौचालयों की साफ-सफाई बेहतर रखने और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश भी दिए।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts