अमेठी। अमेठी नगर में रोड चौड़ीकरण को लेकर हुई नपाई और मापी के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल कंछल ग्रुप के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल के नेतृत्व में सैकड़ों व्यापारियों ने मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू को ज्ञापन सौंपकर प्रशासनिक कार्रवाई पर कड़ी नाराजगी जताई।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नगर क्षेत्र में बिना व्यापारियों की सहमति के सड़क चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जिससे व्यापारियों और नगरवासियों में असंतोष व्याप्त है। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि अमेठी नगर के चारों ओर बाईपास एवं रिंग रोड का निर्माण पहले ही हो चुका है। इसके बाद नगर क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण की कोई आवश्यकता नहीं रह जाती है।
व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हरिशंकर जायसवाल ने कहा कि व्यापारियों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में व्यापारियों एवं नगरवासियों को परेशान करने वाली कार्रवाई की गई तो व्यापारी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान जिला महामंत्री प्रभाकर उपाध्याय रोनू सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एकजुट होकर प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करते नजर आए। व्यापारियों ने प्रशासन से रोड चौड़ीकरण संबंधी कार्रवाई पर पुनर्विचार करने की मांग की है।
