निजी भूमि पर मकान निर्माण रोकने का आरोप, गोमती जोन में पुलिस आयुक्त से लगाई न्याय की गुहार।
राजातालाब में भूमि विवाद को लेकर पीड़ित ने लगाया दबंगई और उत्पीड़न का आरोप।
वाराणसी। राजातालाब थाना क्षेत्र के कनकपुर गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपनी निजी भूमि पर मकान निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने और लगातार उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त बाबतपुर से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़ित के अनुसार उसकी निजी भूमि आराजी संख्या 43, रकबा 3530, मौजा कनकपुर, तहसील राजातालाब, जिला वाराणसी में स्थित है, जहां वह अपने मकान का निर्माण कार्य करा रहा था। आरोप है कि गांव के ही निवासी सुरेंद्र कुमार निर्माण कार्य को रुकवाने की नीयत से झूठा आरोप लगा रहे हैं कि निर्माण नाली की भूमि पर किया जा रहा है।
पीड़ित ने बताया कि राजातालाब एसडीएम द्वारा मौके पर नाली का सीमांकन कराया गया था, जिसमें यह स्पष्ट पाया गया कि निर्माणाधीन मकान नाली की जमीन में नहीं आ रहा है। राजस्व विभाग की टीम ने भी निर्माण कार्य को सही बताते हुए मकान बनवाने की बात कही थी। इसके बावजूद विपक्षी द्वारा लगातार निर्माण कार्य में बाधा डाली जा रही है।
पीड़ित का कहना है कि उसने इस संबंध में स्थानीय थाने में भी शिकायत की, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। यहां तक कि एसीपी से मिलने के बाद भी विपक्षी द्वारा अभद्र व्यवहार जारी रहा। आरोप है कि राजातालाब थाना प्रभारी ने भी “ऊपर से दबाव” होने की बात कही।
मामले को लेकर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त बाबतपुर को प्रार्थना पत्र सौंपा। प्रार्थना पत्र पर पुलिस अधिकारी द्वारा लिखित आदेश दिया गया कि आवेदक के पास राजस्व विभाग की खतौनी रिपोर्ट, भूमि अभिलेख एवं अन्य साक्ष्य मौजूद हैं। यदि विपक्षी पक्ष के पास कोई वैध राजस्व रिपोर्ट, न्यायालय अथवा सक्षम प्राधिकारी का आदेश हो, तभी उसे देखा जाए, अन्यथा बिना कारण आवेदक का निर्माण कार्य न रुकवाया जाए।
पीड़ित ने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए उसे अपनी निजी भूमि पर निर्माण कार्य कराने की सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।
