नूरैन-वैभव की जोड़ी चमकी, अश्वनी और गौरव ने जीते एकल मुकाबले।
पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग प्रतियोगिता का तीसरा दिन।
वाराणसी, 26 मई। वाराणसी जिला कैरम एसोसिएशन के तत्वावधान में इंग्लिशियालाइन स्थित श्रीमती चन्द्रा त्रिपाठी स्मृति क्रीड़ा कक्ष में चल रही पांचवीं स्वर्गीय रामाज्ञा सिंह स्मृति जिला कैरम लीग प्रतियोगिता के तीसरे दिन पुरुष वर्ग के युगल एवं एकल मुकाबले खेले गए।
पुरुष वर्ग के युगल मुकाबले में नूरैन खान एवं वैभव नारायण सिंह की अनुभवी जोड़ी ने निशांत सिंह और दिव्यांश सिंह की युवा जोड़ी को सीधे मुकाबले में 23-5 और 25-8 से पराजित कर पूर्ण अंक अर्जित किए।
वहीं पुरुष वर्ग के एकल मुकाबले में वरिष्ठ खिलाड़ी अश्वनी चक्रवाल ने श्री प्रसाद सोनी को 24-10 और 25-9 से हराया। दूसरी ओर प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी गौरव गुप्ता ने उभरते खिलाड़ी निशांत सिंह को 24-14 और 25-10 से शिकस्त देकर महत्वपूर्ण दो अंक अपने नाम किए।
मैचों का संचालन अंतरराष्ट्रीय निर्णायक एवं प्रतियोगिता के प्रधान निर्णायक रमेश कुमार वर्मा तथा आयोजन सचिव अश्वनी चक्रवाल की देखरेख में किया गया। मैच अंपायर की भूमिका जमुनाधर गुप्ता, रेणुका राय, हर्षित केसरी, श्री प्रसाद सोनी और कृष्ण दयाल यादव ने निभाई।
