गंगा दशहरा पर दिव्य दिखा दशाश्वमेध घाट।
501 लीटर दूध से मां गंगा का अभिषेक, स्वच्छता का दिया संदेश।
वाराणसी। गंगा दशहरा के अवसर पर प्राचीन दशाश्वमेध घाट पर आयोजित मां गंगा की भव्य महाआरती में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। गंगोत्री सेवा समिति के तत्वावधान में 501 लीटर दूध, फल-फूल व मिष्ठान से मां गंगा का अभिषेक कर षोडशोपचार पूजन किया गया तथा स्वच्छ गंगा-निर्मल गंगा का संकल्प दिलाया गया।
समिति के संस्थापक अध्यक्ष पं. किशोरी रमण दुबे (बाबू महाराज) के आचार्यत्व में आयोजित कार्यक्रम में 11 वैदिक ब्राह्मणों ने आरती उतारी और 21 कन्याओं ने चंवर डुलाकर मातृशक्ति का प्रतिनिधित्व किया। मुख्य अतिथि विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने गंगा दशहरा को मां गंगा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व बताया।
भजन संध्या में सुप्रसिद्ध कलाकार सुशील बावेजा ने प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने किया। इस दौरान केदार घाट पर भी भव्य गंगा आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए।
