जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली।गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के पूरे तुलसी मजरे अटौरा बुजुर्ग गांव में मेडिकल स्टोर की आड़ में कथित रूप से अवैध क्लिनिक संचालित किए जाने का मामला सामने आया है। इस मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं।वायरल वीडियो में लकड़ी की बेंच पर मरीजों को लिटाकर उनका इलाज करते हुए दिखाया गया है।
आरोप है कि बिना मानक सुविधाओं और आवश्यक चिकित्सीय व्यवस्था के मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जिससे लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है। बताया जा रहा है कि मेडिकल स्टोर का लाइसेंस होने के बावजूद वहां क्लिनिक का संचालन किया जा रहा है।चौंकाने वाली बात यह है कि वीडियो स्वयं मेडिकल स्टोर में काम करने वाले एक युवक ने बनाकर वायरल किया है।
वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग और ड्रग इंस्पेक्टर की अनदेखी के कारण ऐसे अवैध संचालन फल-फूल रहे हैं। अब लोगों की नजर विभागीय कार्रवाई पर टिकी है।
