Raybareli News: तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, चार घायल, दो गंभीर

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर कन्नावा मोड़ के पास शनिवार को एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने कट पर मुड़ रहे ई-रिक्शा में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक समेत फॉर्च्यूनर में सवार दम्पति व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एंबुलेंस की मदद से इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया गया।

विदित हो कि कन्नावा मोड़ के पास एक ई-रिक्शा मुड़ रहा था, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जब तक फॉर्च्यूनर में ब्रेक लगती, तब तक वह मोड़ से ई-रिक्शा समेत करीब 40 मीटर दूर स्थित एक निजी अस्पताल तक जा पहुंची।

हादसे में ई-रिक्शा चालक सीताराम उम्र 50 वर्ष पुत्र राम मुनेश्वर निवासी कन्नावा गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं फॉर्च्यूनर पर सवार लालपुरी गोस्वामी उम्र 60 वर्ष निवासी नैनी जनपद प्रयागराज उनकी पत्नी मीणा गोस्वामी उम्र 55 वर्ष व चालक सुंदरम यादव उम्र 26 वर्ष निवासी नैनी भी चोटिल हो गए।

फॉर्च्यूनर सवार ने बताया कि वह अपनी पत्नी को मेदांता अस्पताल लखनऊ इलाज कराने के लिए ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। ई रिक्शा चालक के परिजनों ने बताया कि वह खाना खाने घर जा रहा था।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, समय रहते फॉर्च्यूनर के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया।

सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद सीताराम व मीणा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल में रेफर कर दिया गया है।

इस बाबत थानाध्यक्ष श्याम कुमार पाल ने बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जाएगी। घायलों को इलाज के लिए सीएचसी पहुँचाया गया है।

Related posts