जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर सोथी गांव के पास शनिवार दोपहर एक अनियंत्रित टैम्पो सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में टैम्पो सवार 52 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि चालक समेत अन्य चार यात्री सुरक्षित बच गए। ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, जलालपुर मजरे लालूपुर गांव निवासी विमलेश (52) शनिवार को किसी कार्य से महराजगंज बाजार आई थीं। काम निपटाने के बाद वह टैम्पो संख्या यूपी-33टी-5906 से अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान सोथी गांव के निकट चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे टैम्पो सड़क किनारे खाई में पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए टैम्पो में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। दुर्घटना में विमलेश के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उन्हें महराजगंज की ओर जा रहे दूसरे टैम्पो से सीएचसी पहुंचाया गया।
