धारा लक्ष्य समाचार पत्र
चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सेवा, समर्पण एवं त्याग की प्रतिमूर्ति महान वीरांगना लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नमन किया।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान विभूति थीं, जिन्होंने अपने आदर्श नेतृत्व, जनसेवा और लोककल्याणकारी कार्यों से समाज में अमिट छाप छोड़ी। उन्होंने कहा कि नारी सम्मान, शिक्षा, सेवा और जनकल्याण के प्रति उनका समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
श्री सैनी ने कहा कि देवी अहिल्याबाई होल्कर ने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उन्होंने देशभर में अनेक मंदिरों, धर्मशालाओं, घाटों और सार्वजनिक सुविधाओं का निर्माण कर समाज सेवा का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके कार्य आज भी लोगों को मानवता, सेवा और समर्पण की भावना के साथ समाज के उत्थान के लिए कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकमाता का जीवन महिलाओं के सशक्तिकरण, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक उत्तरदायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर के महान व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
