Raybareli News: बाड़े में घुसकर छह बकरियों पर धारदार हथियार से हमला, पांच की मौत

अज्ञात हमलावरों की करतूत से किसान को हजारों रुपये का नुकसान, गांव में दहशत का माहौल।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के पूरे मूढ़ू मजरे अतरेहटा गांव में रविवार देर शाम एक सनसनीखेज घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने एक किसान के बाड़े में घुसकर उसकी छह बकरियों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में पांच बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बकरी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना से गांव में दहशत का माहौल है और पशुपालकों में भय व्याप्त है।जानकारी के अनुसार गांव निवासी किसान आलमगीर अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे।

इसी दौरान किसी समय अज्ञात व्यक्ति उनके बाड़े में घुस गया और वहां बंधी बकरियों पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बकरियों की दर्दनाक चीख-पुकार सुनकर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो सभी बकरियां लहूलुहान हालत में तड़प रही थीं। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।

किसान आलमगीर ने तत्काल ग्रामीणों की मदद से घायल बकरियों को ई-रिक्शा के माध्यम से पशु चिकित्सालय पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही पांच बकरियों ने दम तोड़ दिया। एक बकरी की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका उपचार किया जा रहा है।

पीड़ित किसान ने बताया कि उसकी किसी से कोई व्यक्तिगत रंजिश नहीं है। बकरियां ही उसके परिवार की आय का प्रमुख साधन थीं। घटना से उसे हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। किसान ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पशु चिकित्सक डॉ. उमेश चंद्र ने बताया कि मृत बकरियों के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव मिले हैं। सभी मृत बकरियों का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट तैयार की जा रही है।

वहीं कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हमलावरों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

Related posts