Barabanki UP: वेतन वृद्धि की मांग को लेकर पंचायत सहायकों ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की दी चेतावनी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। प्रदेश स्तरीय पंचायत सहायक अधिकारी कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया गया है। इसी क्रम में बुधवार को विकासखंड त्रिवेदीगंज के पंचायत सहायकों एवं कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी को कार्य बहिष्कार संबंधी ज्ञापन सौंपते हुए अपनी मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की।

विकासखंड त्रिवेदीगंज में पंचायत सहायक संघ के अध्यक्ष रोहित वर्मा, उपाध्यक्ष उत्तम कुमार तथा कोषाध्यक्ष अरुंधती रमन वर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों ने खंड विकास अधिकारी प्रियंका सिंह एवं एडीओ पंचायत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कर्मचारियों ने सरकार का ध्यान अपनी समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए मानदेय वृद्धि एवं अन्य मांगों को पूरा किए जाने की मांग की।

इस दौरान मोहम्मद बिलाल, अर्जुन, प्रीति वर्मा, आकाश कुमार, देवेंद्र कुमार, बलवंत वर्मा, शिल्पी वर्मा, शिवकुमार, प्रेरणा, रीता, राप्ती वर्मा, अश्वनी, अर्पिता यादव, लक्ष्मी यादव, अंजली यादव, सरिता, सविता, मनोज कुमार, अभिषेक, महेश सहित बड़ी संख्या में पंचायत सहायक कर्मचारी मौजूद रहे।

कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वे अपने मानदेय में वृद्धि की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक इस संबंध में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 15 जून तक उनकी वेतन वृद्धि संबंधी मांग पूरी नहीं की गई, तो प्रदेशभर के पंचायत सहायक कर्मचारी लखनऊ स्थित इको गार्डन में एकत्र होकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।

पंचायत सहायकों ने सरकार से मांग की कि उनके कार्यों और जिम्मेदारियों को देखते हुए मानदेय में उचित वृद्धि की जाए, ताकि उन्हें आर्थिक राहत मिल सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में एकजुटता का प्रदर्शन करते हुए सरकार से शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

Related posts