विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता रैली, 276 लोगों के फेफड़ों की हुई जांच।
वाराणसी, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर ब्रेथ इजी चेस्ट फाउंडेशन फॉर ह्यूमैनिटी, अस्सी द्वारा जन जागरूकता रैली एवं नि:शुल्क फेफड़ा जांच शिविर का आयोजन किया गया। वरिष्ठ श्वांस एवं फेफड़ा रोग विशेषज्ञ डॉ. एस.के. पाठक एवं सुनीता पाठक ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
अस्सी से सुबह-ए-बनारस मंच तक निकाली गई रैली में युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर तंबाकू व धूम्रपान के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान 276 लोगों के फेफड़ों की नि:शुल्क जांच की गई, जिनमें 60 प्रतिशत से अधिक लोगों में फेफड़ों की क्षमता कम पाई गई।
डॉ. एस.के. पाठक ने लोगों को तंबाकू सेवन न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि तंबाकू एक धीमा जहर है, जो कैंसर, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप और श्वांस संबंधी गंभीर बीमारियों का कारण बनता है। कार्यक्रम में डॉ. स्वप्निल पाठक सहित फाउंडेशन के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
