Raybareli News: नौकरी दिलाने के नाम पर 18 हजार की ठगी का आरोप, पीड़िता ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली।जगतपुर थाना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर 18 हजार रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। टिकरा गांव निवासी एक महिला ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता शीला ने आरोप लगाया है कि भगवानपुर बढ़ैया गांव निवासी एक युवक ने उसे निजी कंपनी में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसी बहाने आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से उसके खाते से कुल 18 हजार रुपये निकलवा लिए। महिला का कहना है कि रकम लेने के बाद आरोपी लगातार नौकरी लगवाने का आश्वासन देता रहा, लेकिन काफी समय बीत जाने के बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस किए गए।

पीड़िता के अनुसार, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने देने से इनकार कर दिया और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने पर महिला सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और लिखित शिकायत देकर न्याय की मांग की।

पुलिस ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Related posts