Haidargadh barabanki news: हैदरगढ़ में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, एसडीएम के स्थानांतरण की मांग को लेकर जताया आक्रोश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रिपोर्ट कुलदीप कुमार शर्मा बाराबंकी

हैदरगढ़ (बाराबंकी)। तहसील हैदरगढ़ में अधिवक्ताओं का आक्रोश एक बार फिर खुलकर सामने आया। बुधवार को तहसील बार एसोसिएशन के बैनर तले बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकालकर धरना-प्रदर्शन किया तथा उप जिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा के स्थानांतरण की मांग उठाई।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि उप जिलाधिकारी के कार्य व्यवहार से अधिवक्ता समुदाय में लंबे समय से असंतोष व्याप्त है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना था कि पिछले लगभग डेढ़ महीने से अधिवक्ताओं ने एसडीएम न्यायालय और उनके कार्यालय का बहिष्कार कर रखा है। उनका आरोप है कि प्रशासनिक कार्यप्रणाली में पारदर्शिता की कमी है तथा अधिवक्ताओं की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामअचल मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांग है कि उप जिलाधिकारी का तत्काल स्थानांतरण किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक अधिवक्ता न तो एसडीएम न्यायालय में कार्य करेंगे और न ही उनके कार्यालय में जाकर मुलाकात करेंगे। आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरना-प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन में महामंत्री सुनील त्रिवेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता संजय सिंह, सहदेव वर्मा, सियाराम यादव, विजय राज सिंह, रामप्रताप सिंह, राजेश तिवारी, सोमिल शुक्ला, विभोर गुप्ता, धर्मेंद्र वर्मा, देवेंद्र द्विवेदी सहित सैकड़ों अधिवक्ता मौजूद रहl अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई न होने की स्थिति में आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

Related posts