खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को किया गया जागरूक, निःशुल्क वितरित हुआ ढैंचा बीज
वाराणसी, खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत बुधवार को ग्राम सभा ताला में कृषि विज्ञान केंद्र, वाराणसी, कृषि विभाग, वाराणसी तथा भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान, वाराणसी के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को संतुलित एवं टिकाऊ खेती के प्रति प्रेरित करना तथा मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृषि विज्ञान केंद्र के अध्यक्ष डॉ. नवीन कुमार सिंह ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री के आह्वान पर देशव्यापी स्तर पर वैज्ञानिकों द्वारा किसानों के खेतों पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत किसानों को रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, गोबर की खाद एवं जैव उर्वरकों के प्रयोग के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों को हरी खाद के लिए ढैंचा का बीज निःशुल्क वितरित किया गया।
केंद्र के उद्यान वैज्ञानिक डॉ. मनीष पांडे ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। वहीं डॉ. पूजा सिंह ने खेती में पशुधन की भूमिका और उसके लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. टी. चौबे, डॉ. एन. त्रिपाठी एवं डॉ. श्रेया ने भी किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की। कृषि विभाग की टी.ए.सी. अनामिका सिंह ने कार्यक्रम के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
अभियान के दौरान किसानों को 48 हेक्टेयर क्षेत्र में प्रदर्शन हेतु ढैंचा बीज एवं जैव उर्वरकों का वितरण किया गया। कार्यक्रम में कुल 112 किसानों एवं 23 महिला किसानों ने सहभागिता कर कृषि विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
