Barabanki UP: दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए टेस्ट सुविधा की मांग, राष्ट्रीय खिलाड़ी जुनैद श्याम मिल्ला ने जिला अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। जनपद बाराबंकी के निवासी एवं राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तथा दिव्यांग आइकॉन जुनैद श्याम मिल्ला ने दिव्यांग खिलाड़ियों और दिव्यांगजनों की समस्याओं को लेकर जिला अधिकारी बाराबंकी को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में उन्होंने जिले में दिव्यांगजनों के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और परीक्षण केंद्र की स्थापना की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया है कि जुनैद श्याम मिल्ला बाराबंकी के निवासी होने के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी भी हैं। वर्तमान में  जिले के दिव्यांग आइकॉन के रूप में नामित हैं और दिव्यांगजनों के विकास एवं कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों में सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। इसके अलावा जिले का नाम समय-समय पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर भी रोशन कर रहे हैं।

उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विशेष रूप से सीएमओ कार्यालय, एडीएम कार्यालय, बीडीओ कार्यालयों, सरकारी व निजी बैंकों सहित अन्य स्थानों पर बड़ी संख्या में दिव्यांगजन आते-जाते हैं। इसके बावजूद जिले में दिव्यांगजनों के सर्टिफिकेट एवं अन्य आवश्यक परीक्षणों के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं है।

ज्ञापन के अनुसार, दिव्यांग सर्टिफिकेट जारी करने हेतु आवश्यक परीक्षण के लिए जिले में कोई स्थायी एवं समुचित परीक्षण स्थल उपलब्ध नहीं है। ऐसे में दिव्यांगजनों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ता है और उन्हें परीक्षण कराने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

जुनैद श्याम मिल्ला ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दिव्यांगजनों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा जिले में एक व्यवस्थित परीक्षण केंद्र स्थापित किया जाए। उन्होंने कहा कि इससे दिव्यांगजनों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी और उनके कार्यों में आने वाली परेशानियां दूर होंगी।

ज्ञापन के अंत में उन्होंने जिला प्रशासन से अनुरोध किया है कि जनहित एवं दिव्यांगजनों के हित को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण मांग पर शीघ्र कार्रवाई की जाए, ताकि जिले के दिव्यांगजनों को राहत मिल सके।

ज्ञापन पर राष्ट्रीय खिलाड़ी एवं जिला दिव्यांग आइकॉन जुनैद श्याम मिल्ला के हस्ताक्षर हैं। ज्ञापन 11 जून 2026 को सौंपा गया।

Related posts