Raybareli News: जीएसटी अधिकारियों पर अपशब्द कहने का आरोप, व्यापारी नेता ने दी आत्मदाह की चेतावनी

ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल चौहान गुट के प्रदेश अध्यक्ष जीसी सिंह चौहान ने CM से शिकायत की बात कही।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेलीl ऑल इंडिया उद्योग व्यापार मंडल चौहान गुट ने जीएसटी के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष 66 वर्षीय जीसी सिंह चौहान ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान जीएसटी कमिश्नर शिखा गुप्ता एवं एडिशनल कमिश्नर परमहंस लाल श्रीवास्तव ने मंच पर उन्हें अपशब्द कहकर अपमानित कियाl

चौहान ने बताया कि वह कार्यक्रम में सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दे रहे थे, तभी दोनों अधिकारियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने कहा, “मैं 66 वर्ष का हूँ। निःस्वार्थ भाव से समाज सेवा करता हूँ। सैकड़ों लावारिस शवों का क्रिया-कर्म करवा चुका हूँ।

शासन-प्रशासन के सहयोग से कई चिकित्सा शिविर लगवा चुका हूँ। 24 घंटे समाज सेवा में तत्पर रहता हूँ। ऐसे व्यक्ति को भरे मंच पर अपशब्द कहना मरने के समान है। यह अपमान सहने योग्य नहीं है।”

CM से मिलेंगे, कार्रवाई न हुई तो आत्मदाह की चेतावनी

जीसी सिंह चौहान ने अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि दोनों जीएसटी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई कर मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया तो वह प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर पूरे मामले की शिकायत करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री से मिलने के बाद भी अगर अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आत्मदाह कर लेंगे।

व्यापारी नेता ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक और समाजसेवी के साथ सार्वजनिक मंच पर इस तरह का व्यवहार बेहद निंदनीय है। उन्होंने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्रशासन की प्रतिक्रिया का इंतजार

इस मामले में जीएसटी विभाग या जिला प्रशासन की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। कार्यक्रम में मौजूद अन्य लोगों और वीडियो फुटेज के आधार पर जांच के बाद ही सच्चाई सामने आ सकेगीl

Related posts