धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत बुधवार को ग्राम फतहाबाद, चौकी बड़ेल, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में महिला सशक्तिकरण, साइबर जागरूकता एवं यातायात जागरूकता अभियान के तहत चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन श्रीमान पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशानुसार तथा क्षेत्राधिकारी नगर एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के कुशल नेतृत्व में किया गया। इस दौरान मिशन शक्ति टीम के वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्री अमरनाथ राय, महिला उपनिरीक्षक श्रीमती किरण देवी, महिला आरक्षी प्रीति तिवारी, रिक्रूट महिला आरक्षी अनुराधा पाल, आरक्षी करन कुमार, रिक्रूट आरक्षी ब्रजेश कुशवाहा, रिक्रूट आरक्षी कृष्ण कुमार एवं रिक्रूट आरक्षी अरविंद ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
चौपाल के दौरान महिलाओं, बालिकाओं एवं पुरुषों को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराधों से बचाव, महिला मिशन शक्ति केंद्र की सेवाओं तथा यातायात नियमों के पालन के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
पुलिस टीम ने उपस्थित लोगों को उत्तर प्रदेश शासन एवं पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए आवश्यकता पड़ने पर उनका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर हेल्पलाइन 1930, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 तथा स्वास्थ्य सेवा 102 शामिल हैं।
कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा महिलाओं की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या या अपराध की सूचना तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा नजदीकी पुलिस स्टेशन को दें।
