Raybareli News: जेसीबी से ढहाया गया पक्का कमरा, बोरवेल भी किया क्षतिग्रस्त; महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के अतरहेटा मजरे पूरे मूडू गांव में भूमि विवाद को लेकर एक महिला के पक्के कमरे और बोरवेल को जेसीबी से ध्वस्त किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गांव निवासी साबिरा बानों पत्नी स्वर्गीय मोहम्मद अनीस ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 23 जून की सुबह करीब छह बजे कुछ लोग जेसीबी मशीन लेकर उसके निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचे और बिना किसी वैधानिक आदेश के उसके 12×12 फीट के पक्के कमरे को गिरा दिया। आरोप है कि कमरे में लगा बोरवेल भी तोड़ दिया गया,

जिससे उसे भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।पीड़िता के अनुसार घटना की सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंची और विरोध जताया तो आरोपितों ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। महिला का कहना है कि जिस स्थान पर कमरा बना था, वह उसके घर से करीब ढाई किलोमीटर दूर स्थित है।

साबिरा बानों ने बताया कि घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पुलिस को दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक पूरा ढांचा ध्वस्त किया जा चुका था। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि इससे पहले भी आरोपितों द्वारा उसके खेत की मेड़ तोड़ने और नीम का पेड़ गिराने जैसी घटनाएं की गई थीं,

लेकिन कार्रवाई न होने से उनके हौसले बढ़ते गए।पीड़िता ने करीब एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान का दावा करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए महराजगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।

मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पीड़ित परिवार न्याय की उम्मीद लगाए प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।

Related posts