Raybareli News: हनुमान मूर्ति स्थापना को लेकर कन्नावा गांव में बवाल, भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां (रायबरेली)। थाना क्षेत्र के कन्नावा गांव में हनुमान जी की मूर्ति स्थापना को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई। अंबेडकर पार्क के निकट प्रस्तावित मूर्ति स्थापना को लेकर ग्रामीणों और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तत्काल हरकत में आया। मौके पर उप जिलाधिकारी (एसडीएम), क्षेत्राधिकारी (सीओ) महाराजगंज सहित कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मूर्ति स्थापना को लेकर दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बन पाने के कारण विवाद उत्पन्न हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।गांव में पूरे दिन तनाव का माहौल बना रहा। एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है तथा संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि मामले का समाधान आपसी सहमति और नियमानुसार किया जाएगा। किसी भी व्यक्ति को कानून व्यवस्था प्रभावित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।फिलहाल प्रशासन दोनों पक्षों से वार्ता कर विवाद का शांतिपूर्ण समाधान निकालने में जुटा हुआ है। देर शाम तक अधिकारी गांव में डटे रहे और स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी। गांव में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती जारी है।

Related posts