जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
लालगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के सोहाईबाग गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव घर के अंदर कमरे में फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुरालजनों पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, जिसके चलते मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार सोहाईबाग निवासी शिवानी (28 वर्ष), पत्नी अरुण कुमार, का शव घर के एक कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी अस्पताल पहुंच गए। मृतका के भाइयों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव को फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया।
इस दौरान पुलिस और मृतका के परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। बताया जा रहा है कि शिवानी की शादी करीब छह माह पूर्व ही अरुण कुमार के साथ हुई थी।विवाहिता की अचानक हुई मौत से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मृतका की मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
