Raybareli News: गेगासों गंगा पुल पर लौटी रफ्तार: हल्के वाहनों के लिए शुरू हुआ आवागमन, 10–15 जुलाई तक भारी वाहन भी दौड़ेंगे

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। रायबरेली और फतेहपुर जनपद को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण गेगासों गंगा पुल से क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कार्य के चलते बंद रहे इस पुल को अब हल्के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया है। पुल के चालू होने से दोनों जिलों के बीच यात्रा करने वाले हजारों लोगों को राहत मिलेगी और लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाने की मजबूरी समाप्त होगी।

शनिवार को जिलाधिकारी सरनीत कौर एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने गेगासों गंगा पुल का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभाग के अभियंताओं से पुल की तकनीकी स्थिति की जानकारी भी ली जिलाधिकारी सरनीत कौर ने बताया कि यह पुल वर्ष 1970 के दशक में निर्मित हुआ था। समय के साथ पुल के पिलर्स और अन्य हिस्सों में आवश्यक मरम्मत एवं स्ट्रेंथनिंग की जरूरत महसूस की गई थी।

संबंधित विभाग द्वारा पुल के पिलर्स सहित सभी आवश्यक तकनीकी कार्य पूरे कर लिए गए हैं, जिसके बाद इसे फिलहाल हल्के वाहनों के लिए सुरक्षित रूप से खोल दिया गया है।

उन्होंने बताया कि पुल पर बेहतर यातायात सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द ही हाईमास्ट एवं अन्य प्रकाश व्यवस्था भी कराई जाएगी, ताकि रात्रि के समय भी लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।जिलाधिकारी ने यह भी जानकारी दी कि यदि मौसम और तकनीकी परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 10 से 15 जुलाई के बीच भारी वाहनों के लिए भी पुल खोल दिया जाएगा।

इससे रायबरेली, फतेहपुर और आसपास के क्षेत्रों के व्यापार, परिवहन तथा दैनिक आवागमन को नई गति मिलेगी। स्थानीय लोगों ने भी पुल खुलने पर खुशी जताते हुए प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है।

Related posts