Raybareli News: होटल में करंट लगने से रसोइए की मौत, 10 साल से कर रहा था काम; बिजली सुरक्षा पर उठे सवाल

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। लालगंज कस्बे में एक मामूली लापरवाही ने एक युवक की जान ले ली। प्रताप होटल में काम करने वाले आचार्यनगर निवासी अजय प्रजापति (30) की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार अजय प्रजापति पिछले करीब 10 वर्षों से प्रताप होटल में खाना बनाने का कार्य कर रहे थे। शनिवार को होटल में काम के दौरान वह बिजली के बोर्ड में चार्जर लगाने पहुंचे। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गए और मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े। होटल कर्मचारियों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लालगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लालगंज कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि करंट लगने से मौत की सूचना प्राप्त हुई थी। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके चलते आवश्यक कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि यदि इस संबंध में कोई शिकायती पत्र प्राप्त होता है तो नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे के बाद होटल में बिजली सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। चर्चा है कि यदि विद्युत सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम होते तो शायद अजय की जान बचाई जा सकती थी। अब यह जांच का विषय है कि हादसा महज दुर्घटना था या फिर लापरवाही का परिणाम।

Related posts