जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जगतपुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी संघर्ष में बदल गई। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में एक होमगार्ड सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से एम्स रायबरेली रेफर किया गया।
घटना जगतपुर और भदोखर थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित राय का पुरवा चौराहे के पास हुई। घटना के बाद क्षेत्र में फायरिंग की चर्चा फैल गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक रवि कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल और अस्पताल का निरीक्षण कर पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी घायल को गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों के शरीर पर मारपीट और धारदार हथियार से लगी चोटों के निशान मिले हैं। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों के बीच शराब के ठेके को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है, जिसके चलते यह घटना हुई।पुलिस ने घटनास्थल से एक क्षतिग्रस्त ऑल्टो कार बरामद की है।
फोरेंसिक टीम द्वारा मौके से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त होते ही संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
