Raybareli News: अध्यक्ष विक्रम सिंह ने की अपील, सभी कोचिंग संचालक विशेष पंजीकरण कैम्प में अवश्य हों शामिल

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, रायबरेली के अध्यक्ष विक्रम सिंह ने जनपद के समस्त कोचिंग संचालकों से अपील की है कि वे जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विशेष पंजीकरण एवं मानक अनुपालन कैम्प में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर अपने संस्थानों का पंजीकरण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण करें।

जिला प्रशासन द्वारा माननीय जिलाधिकारी श्रीमती सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशानुसार 29 जून, 30 जून एवं 1 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक रायबरेली विकास प्राधिकरण सभागार में विशेष कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान विकास प्राधिकरण, माध्यमिक शिक्षा, अग्निशमन एवं विद्युत सुरक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

विक्रम सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसलिए प्रत्येक कोचिंग संस्थान को अग्निशमन, विद्युत सुरक्षा, आपातकालीन निकास एवं अन्य आवश्यक मानकों को पूरा कर ही संचालन करना चाहिए। उन्होंने सभी संचालकों से प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने की अपील की।उन्होंने जिला प्रशासन से भी अनुरोध किया कि मानकों के अनुपालन की प्रक्रिया व्यवहारिक एवं सहयोगात्मक हो।

जिन संस्थानों में मूलभूत व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं, उन्हें शेष कमियों को दूर करने के लिए उचित समय दिया जाए, ताकि किसी भी कोचिंग संचालक के रोजगार पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। उन्होंने यह भी अपेक्षा व्यक्त की कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष एवं बिना किसी प्रकार की अवैध वसूली के संपन्न हो।

उन्होंने कहा कि कोचिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया, रायबरेली सदैव प्रशासन के साथ सकारात्मक सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है और सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।

Related posts