Raybareli News: सरकारी तालाब पर अवैध मंदिर निर्माण पर चला प्रशासन का बुलडोजर

एसडीएम सदर के निर्देश पर राजस्व टीम की कार्रवाई, अतिक्रमणकारियों को दी कड़ी चेतावनी।

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सदर तहसील क्षेत्र के विकासखंड राही अंतर्गत ग्राम कनौली में सरकारी तालाब की भूमि पर किए जा रहे अवैध कब्जे के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए निर्माणाधीन मंदिर को हटवा दिया। यह कार्रवाई एसडीएम सदर गौतम सिंह के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने की।

जानकारी के अनुसार ग्राम कनौली स्थित गाटा संख्या-857 मि., रकबा 0.6550 हेक्टेयर राजस्व अभिलेखों में तालाब की भूमि के रूप में दर्ज है। आरोप है कि इसी सरकारी भूमि पर रामखेलावन पुत्र सुखई निवासी कनौली द्वारा अवैध रूप से मंदिर का निर्माण कराया जा रहा था।मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम सदर गौतम सिंह ने तत्काल जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देश के अनुपालन में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सरकारी भूमि पर किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त कर कब्जा मुक्त कराया।कार्रवाई के दौरान लेखपाल अमित कुमार सिंह सहित राजस्व विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। कार्रवाई के बाद पूरी रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।

Related posts