Raybareli News: पूर्णिमा पर डलमऊ गंगा घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब, चार किलोमीटर लंबे जाम से थमे पहिए

हजारों श्रद्धालुओं ने लगाई गंगा में आस्था की डुबकी, तीन से चार घंटे तक जाम में फंसे रहे वाहन

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

डलमऊ, रायबरेली। ज्येष्ठ माह की पूर्णिमा पर सोमवार को डलमऊ गंगा घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही गंगा स्नान के लिए दूर-दराज के जिलों से हजारों श्रद्धालु वाहनों और पैदल घाट पहुंचे। आस्था के इस जनसैलाब के चलते रायबरेली-लालगंज मार्ग पर मुराई का बाग से गंगा घाट पुल तक करीब तीन से चार किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया।भीड़ के कारण वाहन तीन से चार घंटे तक जाम में फंसे रहे। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार यातायात व्यवस्था सुचारु कराने में जुटी रहीं।

गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना कर दान-पुण्य किया। मंदिरों और पूजा स्थलों पर भी श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पूरे दिन घाट क्षेत्र धार्मिक आस्था और श्रद्धा के माहौल में डूबा रहा।स्थानीय लोगों के अनुसार इस बार पूर्णिमा का संयोग सोमवार को होने के कारण श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक रही। प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया था।

Related posts