बछरावां के पश्चिम गांव के पास वारदात, दोनों घायल; सीएचसी में भर्ती, हमलावर फरार
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली से
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बछरावां (रायबरेली)। बछरावां थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) और एक शिक्षक पर हुए जानलेवा हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। कार सवार बदमाशों ने पश्चिम गांव के पास उनकी गाड़ी रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार, खंड शिक्षा अधिकारी मुकेश कुमार एक शिक्षक के साथ कार से कहीं जा रहे थे।
इसी दौरान पश्चिम गांव के पास कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने पहले दोनों को कार से बाहर निकालने का प्रयास किया और फिर गाड़ी के भीतर घुसकर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
हमले में बीईओ और उनके साथ मौजूद शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा गया।
घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।समाचार लिखे जाने तक हमले के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका था। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
