Raybareli News: मुहर्रम जुलूस के बाद बवाल: कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, लाठी-डंडे चले, एक दर्जन घायल; 8 नामजद पर केस दर्ज

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रायबरेली केचंदापुर थाना क्षेत्र में मुहर्रम जुलूस के दौरान शुरू हुआ विवाद दो दिन बाद हिंसक झड़प में बदल गया। चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे बंजारन मजरे खैरहना गांव में दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।

पुलिस ने दोनों पक्षों के आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, चंदापुर थाना क्षेत्र के पूरे बंजारन मजरे खैरहना गांव में मुहर्रम जुलूस के दौरान हुई कहासुनी को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव बना हुआ था। रविवार 28 जून की देर शाम शराब के नशे में कुछ लोगों के बीच फिर कहासुनी शुरू हुई,

जो देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को उपचार के लिए सीएचसी भेजा। मामले की जांच के बाद पुलिस ने शाबिर, जाकिर, शाकिर, मकबूल तथा दूसरे पक्ष के गुलजारी, अरमान, भोले और शाहरुख समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था भंग करने और मारपीट की घटना के संबंध में उपनिरीक्षक विजय प्रताप की तहरीर पर दोनों पक्षों के आठ नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

Related posts