Raybareli News : पेपर लीक पर भाकपा (माले) का हल्ला बोल, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग, राष्ट्रपति के नाम भेजा ज्ञापन

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

रायबरेली ।में भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) लिबरेशन ने नीट समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुए कथित पेपर लीक और भर्ती घोटालों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बार-बार हो रहे पेपर लीक ने लाखों युवाओं के भविष्य को संकट में डाल दिया है और सरकार इस पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।

ज्ञापन में कहा गया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और भर्ती घोटालों से छात्रों का भरोसा व्यवस्था से उठता जा रहा है। पार्टी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलनरत छात्रों की भूख हड़ताल का समर्थन करते हुए राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को भंग करने, पेपर लीक और भर्ती घोटालों की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने, दोषियों को कठोर सजा दिलाने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कानून बनाने की मांग की।

इसके अलावा, धरने पर बैठे छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, आंदोलनकारियों के उत्पीड़न पर रोक लगाने तथा पेपर लीक से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिजनों को उचित मुआवजा और न्याय दिलाने की भी मांग की गई। पार्टी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो देशभर में व्यापक जनआंदोलन चलाया जाएगा।

Related posts