रायबरेली-प्रतापगढ़ बाईपास पर कार-बस की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर; जिला अस्पताल रेफर

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली 

सलोन (रायबरेली)। सलोन कोतवाली क्षेत्र में रायबरेली-प्रतापगढ़ बाईपास पर शनिवार को एक कार और प्राइवेट बस की आमने-सामने की भिड़ंत में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।जानकारी के अनुसार, लामाना भवानीगंज निवासी अनुज तिवारी और प्रियांशु कार से एक मुंडन समारोह में शामिल होने जा रहे थे।

इसी दौरान बाईपास स्थित एक पेट्रोल पंप के पास उनकी कार की सामने से आ रही प्राइवेट बस से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सलोन पहुंचाया।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।सूचना मिलते ही सलोन पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Related posts