वार्ड नंबर-5 की बदहाल सड़कें बनीं मुसीबत, गड्ढों और जलभराव के विरोध में फूटा लोगों का गुस्सा

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। नगर पालिका परिषद रायबरेली के वार्ड नंबर-5 स्थित चकधौरहरा क्षेत्र में बदहाल सड़कों, गहरे गड्ढों और जलभराव की समस्या को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों, व्यापारियों और राहगीरों ने प्रदर्शन कर नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से सड़कें जर्जर पड़ी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि समस्या के समाधान की ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के बाद सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। रोजाना स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार राहगीर गड्ढों में फिसलकर घायल भी हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद मरम्मत का कार्य शुरू नहीं कराया गया।

व्यापारियों ने बताया कि सड़क की बदहाली और जलभराव के कारण ग्राहकों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है, जिससे उनके कारोबार पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि वार्ड नंबर-5 में विकास कार्यों के नाम पर कुछ भी दिखाई नहीं देता और क्षेत्रीय सभासद ने भी समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस पहल नहीं की है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर सड़क निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत, गड्ढों को भरने और जलभराव की समस्या का समाधान नहीं किया गया ।

तो वे बड़ा जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।बताया जा रहा है कि पूरा मामला मिल एरिया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 स्थित चकधौरहरा का है, जहां बदहाल सड़कें आम लोगों के लिए रोजाना परेशानी का कारण बनी हुई हैं। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर पालिका से तत्काल सड़क निर्माण एवं जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।

Related posts