रायबरेली में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान का शुभारंभ, 55 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य; मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। जनपद में वृहद वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के तहत रविवार को खीरो विकास खंड स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने भी पौधे लगाकर अभियान में सहभागिता निभाई।

राज्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जबकि अकेले रायबरेली जनपद में करीब 55 लाख पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं हैं

, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर भी हैं। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए प्रत्येक नागरिक से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।अपने संबोधन के दौरान दिनेश प्रताप सिंह ने कांग्रेस पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोला।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रम मां सरस्वती की वंदना से शुरू होकर भारत माता की जय के उद्घोष के साथ समाप्त होते हैं, जबकि कांग्रेस भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से दूर होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।

और जनभागीदारी के बल पर वृक्षारोपण का लक्ष्य निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया। मंत्री ने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल भी सुनिश्चित की जाएगी।

Related posts